गोपालगंज जिले में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। पुलिस से बेखौफ अपराधियों ने एक होमगार्ड जवान को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया है। इस होमगार्ड जवान पर पिछले नवंबर महीने में भी हमला हुआ था। तब मॉर्निंग वॉक के दौरान होमगार्ड जवान पर तीन राउंड गोली चलाई गई थी। जवान ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी।
ताजा मामले में मंगलवार को गोपालगंज नगर थाने के एकडेरवा गांव में इस वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक होमगार्ड के जवान भोला सिंह अपनी बाइक लेकर घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। घर से निकलने के थोड़ी ही दूर बाद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इस घटना के बाद जख्मी होमगार्ड को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक होमगार्ड जवान हत्याकांड मामले में स्पीडी ट्रायल भी होगा। आश्रितों को मिलेगी 4 लाख की अनुग्रह राशि। एक आश्रित को अनुकंपा पर नौकरी मिलेगी।
पिछली बार के हमले में कुख्यात संजय सिंह और राजकिशोर पर आरोप लगाया गया था। ये दोनों लोग भी एकडेरवा गांव के ही हैं। पिछली बार हमले के बाद होमगार्ड जवान ने पुलिस को बताया था कि पांच लाख रुपये रंगदारी में नहीं देने पर अपराधियों ने उनपर हमला किया। ये रुपये कथित तौर पर एक मकान का निर्माण जारी रखने के लिए मांगे गए थे।