बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच पर अब बिहार और मुंबई पुलिस आमने-सामने आ गई है। इस मामले की जांच को लेकर पहली बार मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने मीडिया से बात की है। उन्होंने इस दौरान सुशांत की मौत से जुड़ी कुछ अहम बातें बताई है।
मरने से पहले गूगल पर सर्च कर रहे थे
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया कि करीब एक महीने पहले सुशांत के मोबाइल की प्राइमरी फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आई थी। पता चला कि उन्होंने 14 जून को सुबह करीब 10:15 बजे गूगल पर अपना नाम सर्च किया था। कुछ आर्टिकल भी पढ़े और कुछ देर बाद अपना मोबाइल ब्राउजर बंद कर दिया। इसके चंद घंटों बाद उन्होंने फांसी लगा ली। वे गूगल पर अपने नाम से आर्टिकल सर्च करते थे, ताकि पता लगा सकें कि उनके बारे में क्या लिखा जा रहा है। गूगल पर बायपोलर डिसऑर्डर, स्किजोफ्रेनिया जैसी बीमारियों को भी सर्च करते थे।
मुंबई पुलिस कमिश्नर के मुताबिक सुशांत का अकाउंट कोटक महिंद्रा बैंक में है। उनके खाते में 18 करोड़ रुपए जमा थे। इसमें से 4 करोड़ रुपए अभी भी हैं। हमने उनके सीए, बैंक, ऑफिस से इस बारे में बात की है। रिया चक्रवर्ती के खाते में पैसे ट्रांसफर होने की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पैसे किसके अकाउंट में ट्रांसफर हुए, इस बारे में जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान पहले से किसी तनाव में थी। उसके सुसाइड केस की भी जांच चल रही है। यह भी जांच कर रहे हैं कि दिशा सालियान से जोड़ने का प्रयास करने की वजह से क्या सुशांत तनाव में थे।